कभी-कभी दो लोगों के बीच बातचीत तो होती है, लेकिन उन बातों के बीच बहुत कुछ ऐसा रह जाता है, जिसे कोई कह नहीं पाता। कुछ एहसास शब्दों तक पहुँचते-पहुँचते ठहर जाते हैं और कुछ सवाल जवाब मिलने से पहले ही अपनी उम्र पूरी करने लगते हैं।आज बहुत दिनों बाद उससे बात हुई। बात की शुरुआत बस दो शब्दों से हुई थी- Miss you....जवाब भी मिला-Same here...
कितना अजीब होता है न! कभी-कभी दो शब्दों में इतनी उम्मीद जाग जाती है कि इंसान उन तमाम दूरियों को कुछ पलों के लिए भूल जाता है, जिन्हें उसने बड़ी मुश्किल से स्वीकार करना सीखा होता है। मन ने तुरंत पूछा— सच में? क्या वाकई याद आती है मेरी? क्या कभी अचानक किसी शाम, किसी गाने को सुनते हुए, किसी पुराने रास्ते से गुजरते हुए या किसी त्योहार की रौनक के बीच मेरा ख्याल आता है? और उसने कहा— हाँ, दिवाली वाले दिन भी याद आ रही थी। पहले हम तैयार होकर एक-दूसरे को अपनी तस्वीरें भेजा करते थे न!
बस, इतना सुनना था कि यादों ने जैसे पुराने दरवाजे खोल दिए। कितनी छोटी-छोटी चीजें होती हैं, जो किसी रिश्ते को खास बनाती हैं। त्योहार पर तैयार होना, तस्वीरें साझा करना, एक-दूसरे की तारीफ करना, बेवजह फोन करना और कभी-कभी बिना किसी खास वजह के घंटों बातें करना। वक्त के साथ शायद ये सब बंद हो जाता है, लेकिन इनसे जुड़ी भावनाएँ इतनी आसानी से कहाँ खत्म होती हैं!
मैंने उससे कहा कि कभी-कभी बहुत ज्यादा याद आती है। मन करता है कि बस एक बार गले लगा लूँ। कोई शिकायत न हो, कोई सवाल न हो, कोई सफाई न देनी पड़े। बस कुछ पल वैसे ही ठहर जाएँ, जैसे कभी हमारे बीच ठहरा करते थे। लेकिन कुछ शिकायतें भी थीं। मसलन, जब याद आती है तो फोन क्यों नहीं उठता? जब मन बेचैन होता है तो जवाब क्यों नहीं मिलता? और जब कोई बार-बार तुम्हारी तरफ लौटना चाहता है, तो क्या तुम्हें कभी उसके लौटने का इंतजार नहीं होता? उसने कहा कि उसे मेरी कॉल आई ही नहीं थी। मैंने कहा, कोई बात नहीं... फिर से कोशिश कर लेते हैं। शायद प्रेम में इंसान की सबसे बड़ी कमजोरी यही होती है कि वह एक बार फिर कोशिश करने के लिए हमेशा कोई न कोई वजह ढूँढ़ ही लेता है।
बातों-बातों में उसकी तस्वीरों का जिक्र आया। तारीफ करने का मन हुआ। फिर मजाक में कह दिया कि कहीं दोबारा तुम्हें प्रपोज करने का मन न करने लगे। वह हँस दी। मैं भी शायद हँस ही रहा था, लेकिन उस हँसी के पीछे एक पुराना एहसास छिपा था। कुछ रिश्ते खत्म होने के बाद भी हमारे भीतर पूरी तरह खत्म नहीं होते। हम मजाक में उन बातों को दोहराते रहते हैं, जिन्हें कभी बहुत गंभीरता से कहा था।
फिर मैंने एक सवाल पूछा—Have you ever thought the same?क्या कभी तुम्हारे मन में भी वही सब आया, जो मेरे मन में आता है?जवाब मिला— कभी-कभी। सिर्फ दो शब्द। लेकिन कभी-कभी यही दो शब्द इंसान को पूरी रात सोचने के लिए काफी होते हैं। फिर पूछा कि क्या कभी मिलने का मन हुआ? इस बार जवाब आने में वक्त लगा। शायद वह समझ नहीं पा रही थी कि क्या कहे। शायद उसके पास कहने के लिए बहुत कुछ था, या शायद कुछ भी नहीं।
आखिरकार उसने कहा— समझ नहीं आ रहा था, क्या बोलूँ l और मैंने कह दिया....कोई बात नहीं... शायद मुझे जवाब मिल गया। लेकिन क्या सच में जवाब मिल गया था? शायद नहीं। क्योंकि कुछ सवालों का जवाब शब्दों में नहीं मिलता। वे इंसान के व्यवहार में छिपे होते हैं, उसकी खामोशी में, उसके अधूरे वाक्यों में और उन बातों में भी, जिन्हें वह जानबूझकर अनकहा छोड़ देता है।
फिर उसने एक बात कही..."मिलेंगे जब लिखा होगा मिलना। Unexpected, Unplanned." बात खूबसूरत थी। शायद अपने आप में बहुत खूबसूरत। लेकिन न जाने क्यों, मैं इस खूबसूरत बात के लिए बिल्कुल तैयार नहीं था। शायद मेरा मन अभी इतना समझदार नहीं हुआ है कि किसी अपने से मिलने की उम्मीद को किस्मत के भरोसे छोड़ दे। मैं नहीं चाहता कि हमारी मुलाकात किसी अनजान तारीख, किसी अनिश्चित संयोग या जिंदगी के किसी ऐसे मोड़ पर निर्भर हो, जिसके आने का कोई भरोसा ही न हो। मेरा मन तो चाहता है कि अगर मिलना है, तो कभी जान-बूझकर मिला जाए। थोड़ा वक्त निकाला जाए, कोई दिन तय किया जाए और उन तमाम अधूरी बातों को पूरा करने की कोशिश की जाए, जो इतने समय से मन के किसी कोने में जमा हैं। क्या पता जब मुलाकात हो उस दिन शायद बहुत कुछ कहने की जरूरत भी न पड़े। बस एक बार सामने देखकर मुस्कुरा दें और फिर बिना किसी शिकायत के गले लग जाएँ।
सच कहूँ तो मुझे अनिश्चितता से डर लगता है। क्या पता, जब तक किस्मत को हमारी मुलाकात मंजूर हो, तब तक जिंदगी बहुत आगे निकल चुकी हो? क्या पता, तब तक हम दोनों के पास एक-दूसरे के लिए वक्त ही न बचे? क्या पता, आज जिन बातों को कहने के लिए मन बेचैन है, कल उन्हें कहने की जरूरत ही खत्म हो जाए? और क्या पता, जिस मुलाकात का इंतजार हम आज कर रहे हैं, वह कभी हो ही न!
मुझे नहीं मालूम कि जिंदगी कितनी लंबी है और उसमें कितने मोड़ बाकी हैं। लेकिन इतना जरूर जानता हूँ कि कुछ मुलाकातें सिर्फ किस्मत के भरोसे नहीं छोड़ी जानी चाहिए। बस इतना चाहता हूँ कि कभी-कभी किस्मत का इंतजार करने के बजाय हम खुद भी एक कदम बढ़ा लें। क्योंकि मुझे डर है कि कहीं हम जिंदगी भर एक-दूसरे से मिलने की संभावना को खूबसूरती से बयान करते रह जाएँ और एक दिन मिलने की सारी संभावनाएँ ही खत्म हो जाएँ....
~दीपक