Wednesday, 16 September 2026

पापा

पापा पिछले 15 दिनों से साथ थे । Shoulder rotater cuff tear की surgery होनी है । Pre surgical tests और अन्य कारणों से कई बार अस्पताल आना जाना होता रहा। कंधे और घुटनों के दर्द की वजह से पापा काफी परेशान हैं । चलने में, नार्मल रूटीन में भी उन्हें समस्या हो रही है । पहली बार मुझे एहसास हुआ कि पापा 58 के हो गए । अभी तक उम्र का एहसास पापा ने कभी होने नहीं दिया । अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाते अपनी परेशानियों को खुद ढोते रहे । कितनी बार बाइक चलाते एक्सीडेंट का सामना किया । रिकवर हुए और फिर से अपने काम में उसी तरह लग गए ।

 
बचपन की दिन याद करता हूं तो वो समय भी याद आता है । सुबह उठ कर पापा खेत के काम निपटा कर जल्दी जल्दी स्कूल के लिए तैयार हो जाते थे । फिर मुझे साथ लिए  साइकिल से 7-8 किलोमीटर दूरी फटाफट नाप देते थे । फिर वहां उतने ही उत्साह और जिंदादिली से खड़े होकर बच्चों को पढ़ाना । मुझे अभी भी याद है मैने एनालॉग घड़ी देखना और, हिंदी के अक्षर पहचानना और गिनतियां सीखना पापा की इन्हीं कक्षाओं में सीखा था । 

पिछले कुछ दिनों में अस्पताल के कई चक्कर लगे । कभी डॉक्टरों तो कभी टेस्ट रिपोर्ट्स का इंतजार करते लंबी लाइनों को देख मै जब जब थोड़ा  परेशान होता । मुझे पापा के शांत, इंतजार करते चेहरे पर एक धैर्य दिखता । 
पापा उस पीढ़ी से हैं जिसने अपने अभी तक जीवन न जाने कितने बदलाव देखें हैं । चलती हुई सीढ़ियां(एस्केलेटर) , लिफ्ट्स और ऐसी बहुत सी चीजें हैं जो उनके लिए बहुत नयी तो नहीं है लेकिन हां उनके उपयोग में वह थोड़े असहज जरूर होते हैं । लेकिन हर नयी चीज को उपयोग करने, सीखने में रुचि भी दिखाते हैं । सफदरजंग SSB और Sports injury centre में घूमते मै मजाक मजाक में कहता पापा ये सारी सुविधाएं आप लोगों के टैक्स के पैसे से बनी हैं । और पापा हल्के से मुस्कुरा देते । 

~दीपक